Advertisement

बोरी (रानी) के खेत में अज्ञात व्यक्ति की लू लगने से मौत

 


बोरी (रानी) के खेत में अज्ञात व्यक्ति की लू लगने से मौत


कन्हान : भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच बोरी (रानी) के खेत क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक पिछले तीन दिनों से गांव और आसपास के क्षेत्र में भटकता हुआ दिखाई दे रहा था। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी एवं भोजन-पानी के अभाव के कारण उसकी लू लगने से मृत्यु हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्हान पुलिस थाना अंतर्गत बोरी (रानी) गांव के खेत क्षेत्र में स्थित सचिन काळे (निवासी कांद्री) के धान गोदाम के पास बने सीमेंट के ओटे पर शनिवार (6 जून) शाम लगभग 7 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बोरी (रानी) के पुलिस पाटिल संदीप नेऊल ने कन्हान पुलिस को सूचित किया। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को सामाजिक कार्यकर्ता एवं पुलिस मित्र अनिल आंबिलढुके के सहयोग से टाटा एस वाहन क्रमांक एमएच-40-सीएम-7427 द्वारा उपजिला अस्पताल कामठी पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया।


पुलिस पाटिल संदीप नेऊल ने बताया कि शुक्रवार (5 जून) को यह व्यक्ति गांव में दिखाई दिया था। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अमोल सहारे बताया था। उसके पास किसी प्रकार का पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं था, जिससे उसकी सही पहचान और निवास स्थान का पता नहीं चल सका।


स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक कई दिनों से भटक रहा था तथा उसके पास भोजन और पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए वह गोदाम के पास छाया में विश्राम कर रहा था, जहां संभवतः लू लगने से उसकी मृत्यु हो गई।


मृतक की आयु लगभग 40 से 45 वर्ष, ऊंचाई लगभग 170 सेंटीमीटर है। उसने नारंगी रंग की हाफ टी-शर्ट तथा काले रंग की फुल पैंट पहन रखी थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल कामठी में सुरक्षित रखा है। आगे की जांच पुलिस निरीक्षक वैजयंती मंडवधरे इनके मार्गदर्शन में कन्हान पुलिस कर रही है।


सह संपादक - ऋषभ बावनकर

टिप्पणी पोस्ट करा

0 टिप्पण्या