भागीमारी ग्राम पंचायत द्वारा दिव्यांगों को दिए गए लाभों की जांच के निर्देश
कलेक्टर कुमार आशीर्वाद ने लिया संज्ञान
नागपुर : - नागपुर जिले के पारशिवनी तहसील अंतर्गत भागीमारी समूह ग्राम पंचायत में कलेक्टर कुमार आशीर्वाद ने रात्रि प्रवास के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान दिव्यांग युवक धर्मराज भारसाखरे ने ग्राम पंचायत से अपेक्षित लाभ नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर के समक्ष रखी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुमार आशीर्वाद ने समूह विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि पिछले तीन वर्षों में भागीमारी ग्राम पंचायत द्वारा दिव्यांगों के कल्याण हेतु किए गए खर्च की जांच कर तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही अब तक कितने दिव्यांगों को लाभ प्रदान किया गया है, इसकी भी जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायत गांव के सर्वांगीण विकास के लिए उत्तरदायी है तथा ग्रामसभा को गांव की आवश्यकताओं का निर्धारण करने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि दिव्यांगों के विकास और कल्याण के लिए ग्राम पंचायतों को अपने बजट का पांच प्रतिशत तक खर्च करने का अधिकार प्राप्त है। इस दिशा में अधिक सक्रियता और संवेदनशीलता से कार्य करने की आवश्यकता है।
इससे पूर्व कन्हान - पिपरी नगर परिषद सभागार में सरपंचों , ग्रामसेवकों , तलाठियों , पुलिस पाटिलों एवं आपदा मित्रों की उपस्थिति में आपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पारशिवनी तहसील के आठ गांवों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मानते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। कन्हान दौरे के बाद कलेक्टर ने बोर्डा गणेशी स्थित अंतरंग फार्म्स प्रोड्यूसर कंपनी की राइस मिल का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र के पाणंद (कच्चे) मार्गों का भी जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर उपविभागीय अधिकारी प्रियेश महाजन, तहसीलदार सुरेश वाघचौरे, समूह विकास अधिकारी सुभाष जाधव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सह संपादक - ऋषभ बावनकर


0 टिप्पण्या