Advertisement

कन्हान की सिद्धार्थ कॉलोनी बुद्ध विहार को जयंती समिति का भव्य वस्तु दान


कन्हान की सिद्धार्थ कॉलोनी बुद्ध विहार को जयंती समिति का भव्य वस्तु दान


वर्षावास प्रारम्भ के औचित्य और पूर्णिमा के अवसर पर विशेष बुद्ध वंदना


कन्हान : - डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती समारोह समिति, कन्हान द्वारा सामाजिक एवं धार्मिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए सिद्धार्थ कॉलोनी, गणेश नगर स्थित बुद्ध विहार को आवश्यक वस्तुओं का भव्य दान प्रदान किया गया। वर्षावास प्रारंभ के औचित्य और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर विशेष  बुद्ध वंदना पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपासक-उपासिकाओं ने सहभाग लिया।


समिति की ओर से बुद्ध विहार में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन जंबो ग्रीन चटाइयाँ (मैट्स), पंखे तथा विहार के सौंदर्यीकरण हेतु आकर्षक लाइटिंग सीरीज भेंट की गई। इस सेवा कार्य की स्थानीय नागरिकों एवं बौद्ध अनुयायियों ने सराहना की।

कार्यक्रम में पूजनीय भन्ते के. सी. एस. लामा की गरिमामयी उपस्थिति में विशेष बुद्ध वंदना का आयोजन किया गया। भन्ते जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धम्म देशना देकर बुद्ध के उपदेशों एवं मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।


इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रोफेसर अश्वमेघ पाटिल ने समाज प्रबोधन करते हुए कहा कि समाज के शिक्षित एवं नौकरीपेशा वर्ग को विहार तथा धम्म कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज का सक्षम वर्ग धम्म कार्यों से जुड़ेगा, तभी धम्म आंदोलन और अधिक प्रभावी एवं गतिशील बन सकेगा। उनके विचारों का उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।


कार्यक्रम में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष पंकज रामटेके, उपाध्यक्ष राजेश फुलझेले, सचिव शैलेश दिवे, सह-कोषाध्यक्ष अभिजीत चांदूरकर, सह-सचिव रजनीश मेश्राम, रोहित मानवटकर तथा सदस्य मनीष नंदेश्वर एवं सुमेध नितनवरे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


इस आयोजन का विशेष आकर्षण समिति की महिला विंग की पदाधिकारी एवं सदस्याओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। साथ ही क्षेत्र के बड़ी संख्या में उपासक-उपासिकाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज कराई। सभी के सामूहिक सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धामय, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


सह संपादक - ऋषभ बावनकर 

टिप्पणी पोस्ट करा

0 टिप्पण्या