गणेश मंदिर में रामभक्ति का भव्य उत्सव
सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ से भक्तिमय हुआ कन्हान
कन्हान : - कन्हान शहर के
पांदण मार्ग पर स्थित श्री गणेश मंदिर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह धार्मिक कार्यक्रम प्रदीप जायस्वाल परिवार एवं गणेश उत्सव समिति कन्हान के सौजन्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रामभक्तों ने उपस्थित होकर प्रभु श्रीराम एवं बजरंगबली की आराधना की।
कामठी के "सराय के बालाजी मित्र परिवार" द्वारा लगभग तीन घंटे तक सुंदरकांड का सुमधुर एवं भावपूर्ण पाठ किया गया। इस दौरान प्रस्तुत किए गए भजनों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। "मैली चादर ओढ़कर कैसे द्वार तुम्हारे आऊ", "मेरी आत्मा की ये आवाज है" तथा "राम आएंगे-राम आएंगे" जैसे भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरे परिसर में "जय श्रीराम" और "जय बजरंगबली" के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बन गया।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं महाप्रसाद वितरित किया गया। समापन समारोह में गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष कैप्टन सतीश बेलसरे के हस्ते सराय के बालाजी मित्र परिवार के प्रमुख जुगल विजयवर्गीय का शाल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पुरुषोत्तम मास में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन ने कन्हान क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा एवं सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया। रामभक्ति और हनुमान आराधना से ओत-प्रोत यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बन गया।
सह संपादक - ऋषभ बावनकर


0 टिप्पण्या