सांसद श्यामकुमार बर्वे की पहल से ‘भाई आया रे गैस सिलेंडर’ गीत से विदर्भ में जनजागृति
गैस ग्राहकों की सुरक्षा के लिए केंद्र व राज्य सरकार से गीत को अनिवार्य करने की मांग
कन्हान : - घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग को लेकर नागरिकों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन द्वारा तैयार किया गया विशेष सुरक्षा गीत ‘भाई आया रे गैस सिलेंडर’ अब पूरे विदर्भ में चर्चा का विषय बन गया है। नागपुर सहित विदर्भ के कई जिल्हो में गैस वितरण वाहनों पर यह गीत बजाया जा रहा है, जिससे ग्राहकों में सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता देखने को मिल रही है।
नागपुर में Bharat Petroleum Corporation Limited तथा Indian Oil Corporation Limited की कुछ गैस वितरण गाड़ियों पर यह गीत बजाने की शुरुआत की गई है। इस पहल को ग्राहकों का सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है और लोग गैस सुरक्षा नियमों के प्रति पहले से अधिक सतर्क हो रहे हैं।
इस गीत के माध्यम से गैस रिसाव होने पर क्या सावधानी बरतनी चाहिए, सिलेंडर लेते समय वजन जांचना क्यों जरूरी है तथा अतिरिक्त शुल्क का विरोध कैसे करना चाहिए जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल भाषा में दी जा रही हैं। खास बात यह है कि अब ग्राहक गैस लीकेज जांचने के लिए पानी डालने के बजाय ‘लीकेज डिटेक्टर’ की मांग कर रहे हैं। इससे संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल रही है।
इसी बीच नागपुर , गडचिरोली और वर्धा जिल्हो के जिल्हा आपूर्ति कार्यालयों ने इस पहल को गंभीरता से लेते हुए तेल कंपनियों को गैस वितरण वाहनों पर यह गीत बजाने के निर्देश दिए हैं। गडचिरोली के जिल्हा आपूर्ति अधिकारी सुधाकर पवार ने हाल ही में परिपत्र जारी कर Indian Oil Corporation Limited , Bharat Petroleum Corporation Limited तथा Hindustan Petroleum Corporation Limited के क्षेत्रीय प्रबंधकों को यह गीत अनिवार्य रूप से चलाने के निर्देश दिए हैं।
इस गीत का आधिकारिक लोकार्पण करने वाले सांसद श्यामकुमार बर्वे ने इस पहल की सराहना करते हुए केंद्र और राज्य सरकार से इसे पूरे देश में अनिवार्य करने की मांग की है।
सांसद बर्वे ने कहा कि, “यह गीत गैस ग्राहकों की सुरक्षा और जागरूकता के लिए बेहद प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है। महाराष्ट्र के खाद्य , नागरिक आपूर्ति एवं ग्राहक संरक्षण विभाग को इसे राज्यभर में अनिवार्य करना चाहिए। साथ ही पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा Petroleum and Natural Gas Regulatory Board को सभी तेल कंपनियों को वितरण वाहनों पर यह गीत बजाने के निर्देश देने चाहिए , ताकि ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और गैस के काले बाज़ार पर रोक लगाई जा सके।”
इस अभियान के कारण घर-घर तक गैस सुरक्षा के नियम पहुंच रहे हैं और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल रही है। साथ ही गीत बजने से लोगों को गैस वाहन आने की तत्काल जानकारी मिल जाती है, जिससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बढ़ी है।
विदर्भ से शुरू हुई यह जनजागृति मुहिम अब पूरे महाराष्ट्र और देशभर में फैलाने की दिशा में प्रयास शुरू हो गए हैं, जिससे गैस ग्राहकों की सुरक्षा को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सह संपादक - ऋषभ बावनकर


0 टिप्पण्या