श्रमिकों के अधिकारों के लिए एकजुटता का हुंकार
नागपुर में कार्यकर्ता एवं श्रमिक जागरूकता सम्मेलन उत्साहपूर्वक संपन्न
नागपुर : - भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ की महाराष्ट्र प्रदेश इकाई, नागपुर के तत्वावधान में रेशीमबाग स्थित जैन कलार समाज भवन में एक दिवसीय कार्यकर्ता एवं श्रमिक जागरूकता सम्मेलन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में नागपुर सहित बालाघाट, गोंदिया, कन्हान, अजनी, वडसा, हिंगणघाट और अमरावती सहित विभिन्न मालगोदामों से बड़ी संख्या में श्रमिकों ने सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ के राष्ट्रीय प्रभारी मनोरंजन कुमार पासवान के हाथों दीप प्रज्वलित कर किया गया। ‘जय जय महाराष्ट्र’ तथा स्वागत गीत की प्रस्तुति से सम्मेलन की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर मनोरंजन कुमार पासवान ने श्रमिकों के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत मार्गदर्शन किया। EPFO, ESIC, श्रम कानून, सामाजिक सुरक्षा तथा 4 Labour Code सहित श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने भविष्य निधि, स्वास्थ्य सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
श्रमिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक मालगोदाम में जल्द से जल्द मेडिकल कैंप आयोजित कर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ऐसा आश्वासन मनोरंजन कुमार पासवान ने दिया। उन्होंने कहा कि मालगोदाम श्रमिकों से संबंधित एकत्रित डेटा शीघ्र ही सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। श्रमिकों को उनका अधिकार और न्याय दिलाने की दिशा में संगठन निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। मीडिया से चर्चा करते हुए पासवान ने कहा कि वर्ष 1999 से श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी है। राष्ट्रीय महामंत्री अरुण कुमार पासवान के नेतृत्व में संगठन लगातार श्रमिकों के हितों एवं अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। श्रमिकों को उनका हक दिलाने के लिए संगठन पूरी ताकत से प्रयासरत है।
मध्यप्रदेश प्रभारी रणवीर सिंह ने कहा कि मालगोदाम श्रमिकों का डेटा तैयार किया जा चुका है। यदि किसी श्रमिक का डेटा अधूरा है अथवा उसमें कोई त्रुटि है, तो उसे तत्काल पूरा एवं दुरुस्त किया जाए। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाकर उनके सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को बेहतर बनाने के लिए संगठन लगातार प्रयास कर रहा है।
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, सहायक श्रम आयुक्त करुणा श्रीबाद, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के नितीन दुर्योधन, भविष्य निधि विभाग के अधिकारी रिश पत्तलवार, मध्यप्रदेश विभाग के अध्यक्ष सुनील निगम, शैलेंद्र पाटील सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत सर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सुनील सरोदे ने किया। सम्मेलन को सफल बनाने में शेखर बोरकर, सुनील सरोदे, मंगेश शिंदे-मेश्राम, प्रथमेश सोनटक्के, चंद्रशेखर वैरागडे, शशांक मेंघरे, अश्विनी गुऱ्हारीकर, शुभम कडू एवं सौरभ वैरागडे सहित संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया।
विभिन्न मालगोदामों से पहुंचे श्रमिकों ने सम्मेलन में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान “श्रमिक एकता—जिंदाबाद” तथा “भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ—जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।सम्मेलन के माध्यम से श्रमिकों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और भविष्य की सुरक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों की एकजुटता ही उनके अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक श्रमिक को न्याय एवं उसका अधिकार दिलाने के लिए संगठन का संघर्ष आगे भी मजबूती से जारी रहेगा।
सह संपादक - ऋषभ बावनकर


0 टिप्पण्या