कामठी में विवाहित महिला की चाकू मारकर हत्या
आरोपी फरार , पति पर परिजनों का शक , जुनी कामठी पुलिस थाने मे मामला दर्ज
कामठी : नागपुर जिल्हे के जुनी कामठी थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरणवार गली, दरोगा मस्जिद के पास शुक्रवार बाजार परिसर में शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे एक विवाहित महिला की चाकू से गला और पेट पर वार कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मंजू संदीप पचारे (24 वर्ष) निवासी पाचखेड़, तहसील पुलगांव, जिला वर्धा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मंजू की शादी दो वर्ष पहले संदीप रामू पचारे से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर मंजू अपने पति से अलग होकर अपने पिता राजकुमार पारसे के साथ वारिसपुरा, कामठी में रहने लगी थी।
मंजू के पिता का शुक्रवार बाजार में मछली बेचने का व्यवसाय है, जबकि मंजू खेतों में मजदूरी कर परिवार का सहयोग करती थी। उसने पति के खिलाफ वर्धा जिला सत्र न्यायालय में तलाक की याचिका दायर की थी। परिजनों के अनुसार, 25 जून 2026 को न्यायालय ने तलाक के मामले में फैसला सुनाया था।शुक्रवार शाम खेत से लौटने के बाद मंजू अपने पिता के लिए पानी की बोतल लेकर शुक्रवार बाजार जा रही थी। इसी दौरान हीरणवार गली में एक अज्ञात हमलावर ने उसके गले और पेट पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल मंजू सड़क पर गिर पड़ी। हमलावर उसका मोबाइल फोन लेकर शुक्रवार बाजार की ओर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जुनी कामठी थाना प्रभारी विजय दिघे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कामठी उपजिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता राजकुमार पारसे मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपनी बेटी की पहचान की। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति संदीप रामू पचारे ने कराई या की है।पिता की शिकायत पर जुनी कामठी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल का निरीक्षण अपर पुलिस आयुक्त वनिता साहू, राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त डॉ. निखिल पाखले, सहायक पुलिस आयुक्त अंकुश खेडकर, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय दिघे तथा नवीन कामठी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश आंधळे ने किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपी की तलाश में विभिन्न टीमों को रवाना किया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सह संपादक - ऋषभ बावनकर


0 टिप्पण्या