Advertisement

विधान परिषद उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, डॉ. राजीव पोतदार ने अतुल लोंढे को 552 वोटों से दी करारी शिकस्त


विधान परिषद उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, डॉ. राजीव पोतदार ने अतुल लोंढे को 552 वोटों से दी करारी शिकस्त


कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी को बड़ा झटका, भाजपा ने तोड़े 100 से ज्यादा वोट ; ढोल-ताशे, गुलाल और आतिशबाजी के साथ मना जीत का जश्न


नागपुर : - नागपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की महाराष्ट्र विधान परिषद उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी को करारा राजनीतिक झटका देते हुए शानदार और एकतरफा जीत दर्ज की। भाजपा-महायुति के उम्मीदवार डॉ. राजीव पोतदार ने 682 मत हासिल कर कांग्रेस-महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार अतुल लोंढे को 552 मतों के विशाल अंतर से पराजित किया। अतुल लोंढे को मात्र 130 वोट ही प्राप्त हुए।


इस चुनाव परिणाम ने महाविकास आघाड़ी की रणनीति पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। चुनावी आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने न सिर्फ अपना वोट बैंक मजबूती से संभाला बल्कि महाविकास आघाड़ी के 100 से अधिक वोटों में भी सेंध लगाते हुए विपक्ष को बड़ा झटका दिया। राजनीतिक गलियारों में इस नतीजे को कांग्रेस के लिए गंभीर पराजय और भाजपा की संगठनात्मक ताकत का प्रमाण माना जा रहा है।


सोमवार को जिल्हाधिकारी कार्यालय स्थित बचत भवन में निर्वाचन अधिकारी कुमार आशीर्वाद और चुनाव पर्यवेक्षक संजय यादव की निगरानी में मतगणना हुई। कुल 812 मत वैध और 11 मत अवैध घोषित किए गए। अंतिम परिणाम में डॉ. राजीव पोतदार को 682 तथा अतुल लोंढे को 130 मत मिले।


चुनाव से पहले ही भाजपा और महायुति के पास बहुमत का मजबूत गणित था। बावजूद इसके कांग्रेस ने अपने प्रमुख प्रवक्ता अतुल लोंढे को मैदान में उतारा और मुकाबले को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाया। हालांकि, परिणाम पूरी तरह भाजपा के पक्ष में गया और कांग्रेस अपनी अपेक्षित वोट संख्या भी नहीं बचा सकी।


ढोल-ताशों की गूंज, गुलाल की बारिश और पटाखों की आतिशबाजी से गूंजा जश्न


परिणाम घोषित होते ही सिविल लाइंस स्थित स्वागत लॉन में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। ढोल-ताशों की गूंज, गुलाल की बारिश, जोरदार पटाखों की आतिशबाजी और मिठाइयां बांटकर ऐतिहासिक जीत का भव्य जश्न मनाया गया। डॉ. राजीव पोतदार के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधों पर उठाकर जोरदार विजय जुलूस निकाला। पूरे परिसर में "भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद" और "डॉ. राजीव पोतदार विजय हो" के नारों से माहौल गूंज उठा।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि यह विजय नागपुर की जनता और जनप्रतिनिधियों द्वारा भाजपा पर जताए गए अटूट विश्वास की मुहर है।


सह संपादक - ऋषभ बावनकर

टिप्पणी पोस्ट करा

0 टिप्पण्या