माहुली-मनसर मार्ग पर बड़ा हादसा ; अनियंत्रित कार सीधे नहर में गिरी
दो घायल ; प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
पारशिवनी : - पारशिवनी तहसील के माहुली - मनसर मार्ग पर शनिवार 30 मई दोपहर मे एक दर्दनाक सड़क हादसा होते-होते टल गया , जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे पेंच जलाशय की नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए , जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, MH 31 GA 5270 क्रमांक की कार माहुली से मनसर की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 4 बजे मार्ग के एक खतरनाक मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया , जिससे कार सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में सीधे नहर में पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डू चौधरी एवं ग्राम पंचायत सदस्य बंटी जयसवाल तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए कार में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा प्राथमिक उपचार के लिए निजी अस्पताल मे ले जाया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि माहुली - मनसर मार्ग पर कई स्थानों पर तीखे मोड़ हैं, लेकिन वहां पर्याप्त सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर तथा गति नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाएं नहीं हैं। यदि सड़क किनारे मजबूत सुरक्षा बैरियर लगाए गए होते तो वाहन के नहर में गिरने की नौबत शायद नहीं आती।
क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया है कि इस मार्ग पर पूर्व में भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। नागरिकों का आरोप है कि केवल कागजी योजनाओं से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई आवश्यक है।
सौभाग्य से इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन यह घटना प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए एक गंभीर चेतावनी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर तत्काल सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी बोर्ड, रंबल स्ट्रिप्स और रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
सह संपादक - ऋषभ बावनकर


0 टिप्पण्या